सेक्टर-149-150 के बीच अधूरी पड़ी 75 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का काम जल्द पूरा होगा। प्राधिकरण ने आपसी सहमति से किसानों से जमीन लेने के लिए प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। इस सड़क को पूरा करने में करीब 300 मीटर का हिस्सा अधूरा पड़ा हुआ था। किसानों से जमीन मिलने को देखते हुए प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 ने सड़क बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। 11 मार्च तक कर सकते है आवेदन
सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज निर्माण में 78 लाख 23 हजार 371 रुपये का खर्चा आएगा। एजेंसियों से 11 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कोंडली गांव के सामने यह दोनों सेक्टर के बीच सड़क अधूरी पड़ी हुई है।अब एजेंसी चयन कर निर्माण शुरू करवाया जाएगा। काम शुरू होने के बाद दो महीने में निर्माण एजेंसी को पूरा करना होगा। सड़कों की होगी रिसर्फेसिंग
दूसरी ओर सेक्टर-78 वेदवन पार्क के पास की 30 मीटर और 45 मीटर चौड़ी सड़क उखड़ी पड़ी हुई हैं। इनकी मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई है। नोएडा प्राधिकरण ने दोनों सड़कों की रिसर्फेसिंग के लिए टेंडर जारी कर दिया है। वर्क सर्किल-6 की तरफ से जारी किए गए टेंडर में दोनों सड़कों की रिसर्फेसिंग व आस-पड़ोस के मरम्मत काम में 32 लाख 7 हजार रुपये की लागत अनुमानित है। निर्माण एजेंसियों से 12 मार्च तक प्राधिकरण ने आवेदन मांगे हैं।