शहर में आयोजित सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) परीक्षा में एक अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के बाहर जमकर रोई। नाक में नोज पिन पहने रहने के कारण वह परीक्षा नहीं दे पाई। केंद्र के बाहर वह रोती रही लेकिन परीक्षा केंद्र का गेट नहीं खुला। अंत में वह अपने घर वापस चली गई। शहर के बिरहाना रोड स्थित ज्ञान भारती इंटर कालेज में लखनऊ की नूर फातिमा पेपर देने पहुंची थी। वह परीक्षा केंद्र के भीतर पहुंच गई लेकिन वह नाक में नोज पिन पहने हुए थे। केंद्र में मौजूद जिम्मेदारों ने उससे आयोग के मानकों का हवाला देते हुए नोज पिन उतारने के लिए कहा। वह केंद्र से बाहर निकली और पति को खोजने के बाद उसने नोज पिन सुपुर्द करने के बाद वापस केंद्र पहुंची तो गेट बंद हो चुका था। नियमों के मुताबिक मेटल पहनकर परीक्षा देने की अनुमति नहीं थी और इसी प्रक्रिया में देरी होने के कारण गेट बंद हो गया। महिला ने काफी मिन्नत की लेकिन गेट नहीं खुला। वह गेट पर रोने लगी। स्कूल की प्रिंसिपल नीतू शर्मा ने बताया कि आयोग के नियमों के अनुसार मेटल पहनकर आने की अनुमति नहीं थी। परीक्षार्थी आने में लेट हो गई थी। इस वजह से उसको प्रवेश नहीं मिल सका है।