पतंग लूट रहा छात्र ट्रेन से कट गया:आजमगढ़ में दौड़ते हुए रेलवे लाइन पर पहुंचा, इंजन को देख नहीं सका

आजमगढ़ में कटी पतंग लूटने के दौरान एक किशोर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वह दौड़ता हुआ रेलवे लाइन पर पहुंच गया। इस दौरान वह न इंजन को देख सका न ही उसकी आवाज सुनी। ट्रेन उसे काटते हुए आगे बढ़ गई। यह घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मुंडेश्वर नाथ क्रॉसिंग के पास हुई है। हादसा होते ही वहां मजमा लग गया। मामले की सूचना पर पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख पड़े। पुलिस और जीआरपी की टीम ने डेड बॉडी को कब्जे में ले लिया। स्कूल से लौटकर आया, खेलने के लिए बाहर गया
फूलपुर थाना क्षेत्र के मुंडेश्वर नाथ रोड निवासी विमलेश सोनकर सब्जी बेचते हैं। उनका 13 वर्षीय पुत्र सृजन सोनकर कक्षा चार का छात्र था। सोमवार की दोपहर वह स्कूल से लौटा था। घर पर खाना खाने के बाद वह बाहर खेलने चला गया। शाम करीब पांच बजे उसने एक कटी हुई पतंग को गिरते देखा। उसी को पकड़ने लिए वह दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर चला गया। इसी बीच आजमगढ़ से शाहगंज की ओर जाने वाली ट्रेन उधर से गुजरी। सृजन का ध्यान पूरी तरह पतंग पर था। वह इंजन की आवाज नहीं सुन सका और उसकी चपेट में आ गया।उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सृजन अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की खबर मिलते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। जिले में ट्रेन से कटकर मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं।