लखनऊ में 5 महीने की प्रेग्नेंट महिला की हत्या उसके पति ने ही करवाई थी। इसके लिए 1 लाख रुपए की सुपारी दी। पत्नी को बहला-फुसलाकर आम के बाग में ले गया। वहां बदमाशों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। 3 नवंबर को माल थाना क्षेत्र के बशहरी गांव में महिला का सड़ा हुआ शव मिला था। शरीर के कपड़े फटे हुए थे। उसके बगल में मोबाइल पड़ा था। शरीर पर चोट के कई निशान भी थे। आरोपी पति 3 दिन बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा। शक होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में शामिल 4 अन्य लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा। पांचों की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को मामले का खुलासा किया। पहले एक नजर में पूरा मामला… माल क्षेत्र के बशहरी गांव निवासी किसान राजपाल उर्फ होरी लाल 3 नवंबर की सुबह बाग में जुताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। झाड़ियों के पास से बदबू आ रही थी। वह दुर्गंध आने वाली जगह पर पहुंचे। वहां एक महिला का शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। महिला की शिनाख्त की कोशिश शुरू की। उसकी तस्वीर आसपास के थानों में भेजी। 3 नवंबर की दोपहर में दुबग्गा थाने में बेगरिया गांव का रहने वाला राजू गुप्ता वहां पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पूजा गुप्ता 3 दिन से लापता है। पुलिस ने शव और फोटो का मिलान कराया। पुलिस ने उसे बताया कि उसकी पत्नी का बशहरी गांव में मिला है। पुलिस ने उससे 3 दिन बाद गुमशुदगी दर्ज कराने आने का कारण पूछा, तो गोलमोल जवाब देने लगा। उसकी भूमिका संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल किया। अब पढ़िए आरोपी का कबूलनामा… एसीपी मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे ने बताया- आरोपी राजू गुप्ता ने हत्या का जुर्म स्वीकार किया है। पूछताछ में बताया कि पहली पत्नी की मौत के बाद वह अकेला महसूस करता था। उसने लगभग दो साल पहले पूजा देवी निवासी सदना सीतापुर से दूसरा विवाह किया था। यह पूजा देवी की भी दूसरी शादी थी। पूजा देवी की पहली शादी से उसकी तीन बच्चे थे- सुमन, कृष्ण, मोनू। ये तीनों अपनी मां के साथ सीता विहार कॉलोनी में रहते थे। सुमन एक गर्ल्स हॉस्टल में कपूरथला अलीगंज लखनऊ में रहती थी। कभी-कभी घर पर आती-जाती रहती थी। शुरुआती समय में पति-पत्नी के संबंध सामान्य रहे लेकिन बाद में विवाद बढ़ने लगे। पूजा देवी लगातार पैसों की मांग करती थी। राजू को उसकी पहली पत्नी के बच्चों से मिलने नहीं देती थी। जबकि राजू ने उसके नाम दो प्लॉट भी खरीदे थे। हाल ही में राजू ने लगभग 10 लाख में एक प्लॉट बेचा था। जिसके बचे पैसों की मांग पूजा देवी कर रही थी। लगातार झगड़े व तनाव से तंग आकर आरोपी राजू गुप्ता ने अपने परिचित अनीस को अपनी समस्या बताई। अनीस ने उसे तीन अन्य व्यक्तियों शकील, राजेश और सर्वेश से मिलवाया। सभी ने मिलकर पूजा देवी की हत्या की साजिश रची। 31 अक्टूबर को सभी आरोपी पूजा को बहला-फुसलाकर बाग में ले गए। वहां गला घोंटकर मार डाला। बेटी ने क्या कुछ बताया, पढ़िए… पूजा की बेटी सुमन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची। उसने शव की शिनाख्त की थी। उसने बताया कि उसके पिता सुरेश की करीब 5 साल पहले हत्या हो गई थी। मां पूजा हत्या के आरोप में 3 साल जेल थी। छूटने के बाद मां ने दुबग्गा बेगरिया गांव निवासी आढ़ती राजू गुप्ता से दूसरी शादी कर ली। हम लोग लखनऊ में ही रहने लगे। 31 अक्टूबर को पिता के साथ मिलने आई थी मां
सुमन ने बताया कि वह अलीगंज के एक हॉस्टल में काम करती थी। 31 अक्टूबर की दोपहर में करीब 1 बजे मां पूजा दूसरे पिता राजू के साथ घर आई थी। हमने चाय पी। आमलेट बनाकर खाया। इसके बाद मां और दूसरे पिता चले गए। शाम को मां का मोबाइल बंद आने लगा। दूसरे पिता से मां के बारे में पूछा तो उसने बताया कि कहीं गई होगी आ जाएगी। 3 दिन तक मां नहीं आई और न ही उनका मोबाइल ऑन हुआ। हम लगातार दूसरे पिता से मां के बारे में पूछते रहे, लेकिन वह बस यही कहते रहे कि आ जाएंगी। —————— संबंधित खबर भी पढ़िए… लखनऊ में पूजा की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई:सड़ी लाश मिली, फटे थे कपड़े; पहले पति के मर्डर में जेल जा चुकी थी मृतका लखनऊ के माल इलाके में आम के बाग में महिला का सड़ा शव मिला। शरीर पर कीड़े पड़ गए थे। कपड़े नहीं के बराबर थे। शव मिलने के करीब 10 घंटे बाद उसका दूसरा पति उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने दुबग्गा थाने पहुंचा। पुलिस को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं। इस पर उसे हिरासत में ले लिया। पूरी खबर पढ़ें