पत्नी-दो बेटियों के हत्यारे की जमानत का विरोध:शामली में सैकड़ों लोगों ने निकाला कैंडल मार्च

शामली के कांधला थाना क्षेत्र में पत्नी और दो बेटियों की हत्या के आरोपी की जमानत का विरोध करते हुए सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च आरोपी को जमानत मिलने की आशंका के खिलाफ आयोजित किया गया। यह मामला कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत का है। यहां गांव निवासी फारूक ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जानकारी के अनुसार, फारूक अपनी पत्नी ताहिरा के बिना बुर्का पहने घर चले जाने से नाराज था। 9 दिसंबर की रात उसने ताहिरा को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर 14 वर्षीय बेटी आफरीन की नींद खुल गई, जिस पर फारूक ने उसे भी गोली मार दी। इसके बाद, 8 वर्षीय बेटी सहरीन की भी आंख खुल गई, जिसकी फारूक ने गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने तीनों शवों को घर के आंगन में खोदे गए सेफ्टी टैंक में डालकर मिट्टी से ढक दिया और ऊपर से ईंटें बिछा दी थीं। पुलिस ने आरोपी फारूक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से तीन अवैध तमंचे, दस जिंदा और सात खोखा कारतूस बरामद किए थे।
अब आरोपी की जमानत याचिका दायर होने की खबर के बाद, गांव और क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने उसके विरोध में कैंडल मार्च निकाला। ग्रामीणों ने हत्यारे को जमानत न दिए जाने की मांग की है।