गोंडा जिले में संपत्ति विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी और उसके पड़ोसी पर पति की पिटाई का आरोप लगा है। पीड़ित पति पवन कुमार मिश्रा के हाथ में गंभीर चोट आई है उन्होंने अपनी पत्नी और पड़ोसी के खिलाफ तरबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। यह घटना तरबगंज थाना क्षेत्र के परियावां गांव की है। पवन कुमार मिश्रा ने अपनी पत्नी मीरा और पड़ोसी अशोक तिवारी पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पत्नी अपनी बहू के साथ मिलकर आए दिन पति की पिटाई करती है। पवन कुमार मिश्रा के अनुसार, उन्होंने कुछ साल पहले अपनी पत्नी मीरा को तीन बीघा 18 डिसमिल जमीन अपने खर्च पर दी थी। इसके बावजूद उनके साथ लगातार मारपीट की जा रही है। पवन मिश्रा ने बताया कि वह ग्राम नियवां से अपने घर लौटे थे। जब उन्होंने अपनी पत्नी से गमछा मांगा, तो मीरा ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पड़ोसी अशोक तिवारी भी इसमें शामिल हो गया। पवन मिश्रा का आरोप है कि उनकी पत्नी ने पहले हंसिया से हमला किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई, और फिर लाठी से भी पीटा है। तरबगंज पुलिस ने पवन कुमार मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मारपीट में घायल पवन कुमार मिश्रा का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज में इलाज कराया गया है। पीड़ित ने बताया कि उनके बच्चे बाहर रहते हैं, जिसके कारण उन्हें अक्सर ऐसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है। कहा कि मेरी बहू भी घर पर रहती है वह मारने से नहीं रुकती है बल्कि वह चाहती है कि यह घर से निकल जाए। मैं अपनी पत्नी के नाम तीन बीघा 18 डिसमिल जमीन भी दे चुका हूँ 2-3 बिस्वा खेत मेरा बचा है 20 साल से मेरे साथ लगातार मारपीट जारी है मैं बहुत परेशान हो चुका हूं। पूरे मामले को लेकर के तरबगंज थाना अध्यक्ष कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि पवन कुमार मिश्रा की तहरीर के आधार पर पत्नी मीरा और पड़ोस के रहने वाले अशोक तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। पवन मिश्रा का आरोप है जिन्होंने अपने पत्नी के नाम कुछ जमीन भी कर दिया है लेकिन उसके बावजूद भी इनके द्वारा मारपीट की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज में इनका प्राथमिक उपचार और मेडिकल करवाया गया उनके हाथ में चोट आई है पुलिस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है।