पांच दिन से प्रेमी के घर के बाहर बैठी प्रेमिका:कुशीनगर में बोली-इंस्टाग्राम पर दोस्ती की, अब शादी से मुकर रहा प्रेमी

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सौरहा बुजुर्ग गांव में गोरखपुर की 18 वर्षीय युवती पांच दिन से अपने प्रेमी के घर के बाहर अनशन पर बैठी है। युवती का आरोप है कि प्रेमी समशेर ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। अब शादी से इनकार कर फरार हो गया है। पीड़िता ने बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान समशेर से हुई थी। कुछ ही महीनों में दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। आरोप है कि समियाना की दुकान चलाने वाले समशेर ने उसे शादी का भरोसा दिया और इसी बहाने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। खुशबू के अनुसार, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो समशेर बात करने से कतराने लगा। बाद में उसने युवती को घरवालों को बिना बताए उसके घर आने को कहा, यह कहते हुए कि वह शादी करके उसे अपने साथ रखेगा। भरोसा कर खुशबू पांच दिन पहले समशेर के घर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों को पूरी बात बताने के बाद समशेर और उसका परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेमी के परिजनों ने उसका फोन लेकर उसमें मौजूद सबूत मिटा दिए। साथ ही गांव के प्रधान छोटे पर 4–5 हजार रुपये लेकर घर लौट जाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। हालांकि प्रधान ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। खड्डा के सीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।