‘पापा अजित पवार के साथ फ्लाइट है, आपसे बात कराऊंगी’:केबिन क्रू पिंकी का पिता को आखिरी कॉल; यूपी के जौनपुर की रहने वाली थीं

“पापा, आज अजित पवार के साथ फ्लाइट है… आपसे बात कराऊंगी।” यूपी की पिंकी माली ने मंगलवार को अपने पिता शिव कुमार से यह कहा था। पिता को नहीं पता था कि बेटी की यह बात उनसे आखिरी बातचीत होगी। अगले ही दिन बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए प्लेन क्रैश में पिंकी की भी मौत हो गई। पिंकी माली उस चार्टर्ड विमान में केबिन क्रू थीं, जो बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की जान चली गई। पिंकी के पिता शिव कुमार ने बताया, मैंने बेटी से एक दिन पहले आखिरी बार बात की थी। वह उस वक्त बहुत खुश थी। मुझे क्या पता था कि यही हमारी आखिरी बातचीत होगी। पिंकी माली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थीं। उनके पिता शिव कुमार माली मुंबई में टैक्सी चलाते हैं और शिवसेना से भी जुड़े हुए हैं। बेटी की मौत की खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिंकी ने सुबह भाई से की थी फोन पर बात जौनपुर में पिंकी का घर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर, केराकत तहसील के भैंसा गांव में है। पिंकी के भाई करन ने बताया कि सुबह फोन पर पिंकी ने कहा था कि वह बारामती से नांदेड़ जा रही है। इसके बाद उसका कोई मैसेज या कॉल नहीं आया। गांव के रहने वाले अशोक सिंह ने बताया कि पिंकी के पिता का गांव से गहरा जुड़ाव था। वे हर साल गांव में दुर्गा पूजा कराते थे और दो महीने पहले भी गांव आए थे। पिंकी के परिवार में एक भाई करन और एक बहन प्रीति हैं। 29 साल की पिंकी मुंबई में वरली के सेंचुरी क्वार्टर इलाके में रहती थीं। मां फूट-फूटकर रोईं, कहा- मन घबरा रहा था बेटी की मौत की खबर सुनते ही मुंबई में रह रही पिंकी की मां माया माली बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा कि उस दिन उनका मन बहुत घबरा रहा था। उन्हें अंदर से लग रहा था कि कुछ ठीक नहीं है, लेकिन आसपास के लोग उन्हें कुछ साफ-साफ बता नहीं रहे थे। यह बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी। माया माली ने बताया कि पिंकी रोज सुबह उन्हें फोन करती थी। वह हमेशा कहती थी, “मम्मी, नाश्ता कर लो, दवा खा लो।” उस दिन न तो पिंकी का कोई फोन आया और न ही कोई मैसेज। यही बात उन्हें सबसे ज्यादा खल रही थी, क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। मां ने बताया, पिंकी फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ काम करती थी। वह अजित पवार, देवेंद्र फडणवीस, नारायण राने और उनके बेटे के साथ भी यात्राएं कर चुकी थी। परिवार को उसकी नौकरी पर गर्व था। माया माली ने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या किसी और कारण से। वह चाहती हैं कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। आखिर में उन्होंने टूटती हुई आवाज में कहा कि उनकी बेटी अब उनके पास नहीं है और वह कभी लौटकर नहीं आएगी। यह नुकसान उनके लिए ऐसा है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। बलिया में हुई थी पिंकी की शादी भैंसा गांव में रहने वाले शीतला प्रसाद माली पिंकी के चचेरे भाई हैं। उन्होंने बताया कि पिंकी के पिता शिव कुमार माली चार भाई हैं। उनके पिता बाबू राम का पिछले साल निधन हो गया था, जिससे परिवार पहले ही दुख में था। शीतला प्रसाद ने बताया कि पिंकी का परिवार पिछले 30–35 साल से मुंबई में रह रहा है। परिवार रोजगार के सिलसिले में वहां बस गया था। करीब दो महीने पहले ही परिवार मुंबई से गांव आया था और कुछ समय साथ में बिताया था। उन्होंने यह भी बताया कि पिंकी की शादी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुई थी। शादी के बाद उसके ससुराल वाले भी मुंबई में ही रहते हैं। इस हादसे की खबर से गांव और परिवार दोनों में मातम पसरा हुआ है। जानिए कैसे हुआ हादसा
बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार, उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और क्रू मेंबर पिंकी माली समेत 5 लोगों की जान गई। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक, विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। पहली बार में पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इसी दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। पढ़ें पूरी खबर प्लेन क्रैश के बाद की तस्वीरें… ————————————— अजित पवार के विमान हादसे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… जब वॉशरूम में एक कॉल से बदला पाला:अजित पवार के किस्से, जिन्होंने 6 बार डिप्टी सीएम की शपथ ली; आज प्लेन क्रैश में निधन महाराष्ट्र डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश, PHOTOS-VIDEOS: लैंडिग के दौरान बारामती में रनवे से फिसला, विमान जलकर खाक