पार्सल से सोना चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार:कोरियर से मंगाए गए सोने-चांदी के बिस्कुट और सिक्के चुराते थे

मुजफ्फरनगर पुलिस ने कोरियर से आने वाले पार्सलों से सोने और चांदी के बिस्कुट व सिक्के चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो सोने के सिक्के, दो सोने के बिस्कुट और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित गिरोह है जो अमेजन कंपनी से प्रीपेड सोने-चांदी के बिस्कुट और सिक्के अलग-अलग शहरों के पतों पर मंगवाता था। इसके बाद, ये लोग कोरियर कंपनी के डिलीवरी बॉय को ऑर्डर रद्द करने की बात कहकर लालच देते थे। वे डिलीवरी बॉय को बताते थे कि ऑर्डर रद्द होने पर मिलने वाले 1000 रुपये में से 500 रुपये उसे दे देंगे। इसी बातचीत के दौरान, गिरोह के सदस्य चालाकी से पार्सल के डिब्बे से सोने-चांदी के सिक्के और बिस्कुट निकाल लेते थे। वे खाली पार्सल को उसी तरह पैक करके कोरियर बॉय को लौटा देते थे, जिसका डिलीवरी बॉय को पता भी नहीं चल पाता था कि पार्सल से सामान निकाल लिया गया है। दरअसल, दो दिन पहले नई मंडी कोतवाली में एमएस वाटर मेलन कंपनी के सुपरवाइजर विनोद पाल ने एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अमेज़न कंपनी से सोने के बिस्कुट और सिक्कों के पांच पार्सल ऑर्डर किए गए थे, जिन्हें ब्लू डार्ट कोरियर कंपनी द्वारा दिए गए पते पर पहुंचाया गया था। पार्सल मंगाने वाले व्यक्ति ने डिलीवरी बॉय से संपर्क कर पार्सल ले लिए थे और इसी दौरान धोखाधड़ी से पार्सल के बॉक्स से सिक्के और बिस्कुट निकाल लिए थे। डिलीवरी बॉय को इस धोखाधड़ी का पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने इस मामले में तुरंत बीएनएस की धारा 318(4), 303(21), 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सहावली कट के पास से अभियुक्त दिनेश, सूर्या और भूप सिंह को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो सोने के सिक्के, दो सोने के बिस्कुट और ऑर्डर बुक करने में इस्तेमाल किए जाने वाले चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। ग्रुप के दो सदस्य अशोक और हितेश अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, ये राजस्थान का एक संगठित गैंग है। जो विभिन्न नंबरों से सोने के बिस्कुट और सिक्के ऑर्डर करता है। फिर डिलीवरी बॉय को आर्डर कैंसिल के नाम पर कुछ पैसों का लालच देकर चुपके से पार्सल बॉक्स के अंदर से सिक्कों को निकाल कर खाली पार्सल डिलीवरी बॉय के हाथ में थमा देता है।