पिंडरा तहसील बार चुनाव में रिकॉर्ड मतदान:90% से अधिक अधिवक्ताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में सोमवार को अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल मतदाताओं में से 90 प्रतिशत से अधिक अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे तहसील परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी और व्यवस्थागत कारणों से यह लगभग एक घंटे की देरी से 11 बजे प्रारंभ हुई। मतदान में देरी को लेकर शुरुआत में प्रत्याशियों के बीच कुछ बहस हुई। मतदान शाम करीब पौने छह बजे तक चला। निर्धारित समय से अधिक समय तक मतदान जारी रहने पर कुछ प्रत्याशियों ने आपत्ति भी जताई, हालांकि बाद में आपसी सहमति से प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से हुई। मतदान शुरू होने से पहले ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश सत्यम सिंघल, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार और प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए तहसील परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी बच्चे लाल यादव ने बताया कि कुल 583 मतदाताओं में से 530 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान में हुई देरी को देखते हुए अतिरिक्त समय दिया गया, ताकि अधिक से अधिक अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस चुनाव में अध्यक्ष और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पदों पर सीधा मुकाबला रहा, जबकि अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो चुका था। अध्यक्ष पद के लिए प्रितराज माथुर, कमलकांत राय और संतोष कुमार सिंह के बीच त्रिकोणीय संघर्ष हुआ। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर, जो 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाले अधिवक्ताओं के लिए है, देवेंद्र कुमार मिश्रा और प्रमोद कुमार के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतगणना 13 जनवरी को सुबह 11 बजे तहसील परिसर में की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि मतगणना के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।