कन्नौज में रविवार को दिल दहलाने वाला एक्सीडेंट हो गया। एक युवक अपना लोडर बैक कर रहा था। तभी उसका 6 साल का बेटा लोडर के नीचे आ गया। लोडर के वजन से बच्चा जमीन में धंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। अपनी तसल्ली करने के लिए पिता लोडर से ही बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचा। लेकिन, डॉक्टर ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद बच्चे के शव को घरवालों को सौंप दिया गया। इसके बाद जिस लोडर से हादसा हुआ था, पिता उसी लोडर से अपने बच्चे का शव लेकर घर पहुंचा। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला… बंसरामऊ गांव में राजेश दोहरे रहता है। राजेश के पास अपना एक लोडर था, जिसे वह किराए पर चलाता था। रविवार दोपहर राजेश का बेटा गौरव घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान राजेश ने अपना लोडर स्टार्ट किया और उसे बैक करने लगा। राजेश ने भी ध्यान नहीं दिया और गौरव भी खेलने में मस्त था। इसी दौरान लोडर पीछे करते समय गौरव अचानक उसके पिछले पहिए के नीचे आ गया। लोडर चढ़ते ही एक बार बच्चे की चीख निकली, इसके बाद उसका पूरा शरीर मिट्टी में धंस गया। आसपास की मिट्टी खून से सन गई। गौरव मिट्टी में धंस कर बुरी तरह घायल हो गया। बच्चे की चीख सुनकर पिता ने गाड़ी रोकी
बच्चे की चीख सुनकर पिता राजेश ने तुरंत लोडर रोका। उन्होंने किसी तरह लोडर हटाकर बेटे को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल गौरव को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद राजेश ने जब बेटे गौरव के शव को जब लोडर पर रखा, तो मां उसे गोद में लेकर बैठ गई। वह रोने-चिल्लाने लगी। यह देखकर पिता और अन्य परिजन लोडर पर चढ़े। मां को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह किसी भी तरह चुप नहीं हुई। इसके बाद घरवाले लोडर पर बैठकर शव लेकर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद बच्चे का शव घरवालों के हवाले कर दिया गया। शव घर पहुंचने पर गांववालों की भीड़ लग गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया- दोपहर में 6 साल के बच्चे को अस्पताल लाया गया था। उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। बच्चे पर लोडर चढ़ गया था। पोस्टमॉर्टम के बाद पिता बच्चे का शव लेकर चले गए। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप ने बताया- बच्चे की मौत हादसे की वजह से हुई है। घरवालों के बयान दर्ज किए गए हैं। अगर परिवार की तरफ से शिकायत आती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————— ये खबर भी पढ़ेंः- एटा में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, एक गोली सीने और एक बगल में लगी एटा में बीजेपी के पूर्व सभासद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। शरीर पर दो जगह गोली लगने के निशान हैं। परिजनों ने बताया- पूर्व सभासद रोज की तरह इवनिंग वॉक पर निकले थे। परिजनों ने जीआरपी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला नगर कोतवाली का है। पढ़ें पूरी खबर…