पिस्टल सटाकर कपड़े उतरवाए, चलती गाड़ी में पीटते रहे, VIDEO:लखनऊ में न्यू ईयर की नाइट लड़का हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा

लखनऊ में न्यू ईयर की रात दबंगों ने एक लड़के को अगवा कर लिया। उसे कार में डालकर सुनसान जगह ले गए। पिस्टल निकालकर उसके सिर पर लगा दिया। इसके बाद कपड़ा निकालकर नंगा करके उसे जमकर पीटा। पीड़ित लड़का हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन दबंग उसे मारते रहे। करीब 4 घटे तक उसे बंधक बनाकर रखा। घर से 5 लाख रुपए लाने को बोलकर उसे गुरुवार सुबह 6 बजे छोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दबंग पिस्टल लगाकर लड़के को पीटते दिख रहे हैं। लड़के के परिजनों का कहना है कि राजाजीपुरम इलाके से 31 दिसंबर की देर रात 2 बजे लड़के को घर के बाहर से अगवा किया गया। पुलिस को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। 3 तस्वीरें देखिए… हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा किशोर
वीडियो में दबंग गाड़ी के अंदर पिस्टल लगाकर लड़के को पीटते दिख रहे हैं। लड़का बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है। जबरन उसके कपड़े उतरवाए गए। मारपीट के दौरान उसे लगातार डराया-धमकाया गया। लड़के ने पुलिस को बताया- दबंगों ने अवैध पिस्टल उसकी कनपटी पर सटाकर कहा कि अगर 5 लाख रुपए नहीं दिए तो जान से मार देंगे। रकम सुबह तक देने का दबाव बनाया गया। करीब 4-5 घंटे गाड़ी में घुमाते रहे और बंदूक की नोक पर पीटते रहे। लड़का बदहवास हालत में घर पहुंचा। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। इलाके के दबंग युवकों पर लगाया आरोप
पीड़ित की मां ने तालकटोरा थाने में शिकायत दी है। उन्होंने इशू यादव और अनुज दीक्षित समेत कई लोगों पर अपहरण, मारपीट और फिरौती मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- दोनों आरोपी दबंग किस्म के हैं। उनके खिलाफ पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। बेटे की जान को खतरा है। ‘युवकों ने पहले भी धमकाया है’
पीड़ित नाबालिग राजाजीपुरम इलाके का रहने वाला है। परिवार का आरोप है कि युवकों ने पहले भी धमकाया है। इलाके में मारपीट की कई वारदातें कर चुके हैं। थाने में शिकायत देने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। …………………………. यह खबर भी पढ़ें न्यू ईयर पार्टी से लौट रहे 2 युवकों की मौत: 1 घायल का चल रहा इलाज, लखनऊ में बेकाबू कार नहर में गिरी थी लखनऊ में बेकाबू कार नहर में गिर गई, जिससे न्यू ईयर पार्टी से लौट रहे 2 युवकों की मौत हो गई। एक घायल युवक का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर