पीलीभीत में बुजुर्ग महिला से कुंडल छीनकर बदमाश फरार:पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार पर केस दर्ज कर तलाश में जुटी

पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला से सोने के कुंडल छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नवदिया पगार की है। ग्राम निवासी रामस्वरूप पुत्र तोताराम ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी रामवती मंगलवार को करेली से बिलसंडा जाने वाले मार्ग पर स्थित अपने खेत में कंडे पाथने का काम कर रही थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। पीड़ित पति के अनुसार, बदमाशों ने पहले रामवती को अपनी बातों में उलझाया। जैसे ही महिला का ध्यान भटका, बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों के कुंडल खींच लिए और तेजी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। बुजुर्ग महिला के शोर मचाने पर उनका पुत्र प्रेम सागर दौड़कर मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।

पीड़िता अनपढ़ होने के कारण मोटरसाइकिल का नंबर नोट नहीं कर सकीं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। थाना अध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। थाना अध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने पुष्टि की कि बुजुर्ग महिला के साथ हुई छिनैती की घटना के मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।