पीलीभीत में राजस्व टीम के सामने 2 नवंबर को हुई मारपीट के मामले में अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले एक पक्ष ने मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद यह ‘क्रॉस मुकदमा’ दर्ज किया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला डालचंद निवासी फिरोज खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 नवंबर को शाम करीब पौने चार बजे उनके भाई शकील खान को राजस्व टीम ने जमीन की पैमाइश के लिए बुलाया था। पैमाइश शुरू होते ही दूसरे पक्ष के छह नामजद आरोपी—अफजल खां, अफसर खां, मास्टर नबी अहमद, एजाज नबी, शमशाद और अरबाज खान—ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर शकील खां और उनके भतीजे आदिल खां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में शकील खां और आदिल खां गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। फिरोज खां ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने धमकी दी है कि यदि दोबारा पैमाइश का प्रयास किया गया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। घायल शकील खान का इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने वर्ष 2020 में भी उन पर हमला किया था, जिसका मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी उपलब्ध है। पुलिस ने फिरोज खां की तहरीर के आधार पर सभी छह नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, सत्येंद्र कुमार ने पुष्टि की है कि क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।