पूर्व मंत्री अताउर रहमान ने गुझिया से रोजा खोला:सपा नेता सुधीर तिवारी की इफ्तार पार्टी में हुए शामिल, भाईचारे का दिया संदेश

पीलीभीत में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर तिवारी ने एक इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। शहर के बेलो वाला चौराहा स्थित निशात मैरिज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अताउर रहमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गुजिया खाकर अपना रोजा खोला, जिसने सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस इफ्तार कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रोजेदार और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अजान के समय, पूर्व मंत्री अताउर रहमान और अन्य मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने ‘गुजिया’ खाकर अपना रोजा इफ्तार किया। हिंदू-मुस्लिम एकता की यह अनूठी पहल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अताउर रहमान ने कहा कि पीलीभीत हमेशा से प्रेम और शांति का शहर रहा है। उन्होंने इस आयोजन को नफरत की राजनीति करने वालों के लिए एक कड़ा जवाब बताया।
आयोजक सुधीर तिवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले होली मिलन समारोह मनाया गया था और अब जुमे के पवित्र अवसर पर मुस्लिम भाइयों के साथ इफ्तार की खुशियां साझा की जा रही हैं। तिवारी ने गंगा-जमुनी तहजीब को देश की असली ताकत बताया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुधीर तिवारी की यह सक्रियता आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण है। होली मिलन के तुरंत बाद इतने बड़े स्तर पर इफ्तार पार्टी का सफल आयोजन कर तिवारी ने पीलीभीत शहर विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी को और भी पुख्ता कर लिया है। वे सपा के पारंपरिक ‘M-Y’ (मुस्लिम-यादव) समीकरण के साथ-साथ सवर्ण और अन्य वर्गों को जोड़ने में सफल दिख रहे हैं।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संयोजक इज़हार मालिक और अखलाक अंसारी ने बखूबी संभाला। इस दौरान सपा के कई स्थानीय पदाधिकारी और भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।