पूर्व विधायक को रिमांड पर पैतृक गांव लेकर पहुंची पुलिस:दीपनारायण के घर में लगे CCTV तोड़े, गांववाले बोले- हमें खदेड़ा…पुजारी को उठा ले गए

झांसी की गरौठा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव को पुलिस ने आठ घंटे के लिए रिमांड पर लिया है। पूर्व विधायक को मोठ में उनके गांव बुढावली लेकर पुलिस पहुंची है। जहां उनके पैतृक घर पर 10 मिनट तक पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस उन्हें लेकर मोठ थाने आ गई है। बकाया धनराशि वसूलने के लिए रिमांड पर लेना जरूरी कोर्ट ने आदेश दिया था कि सोमवार सुबह 10 से शाम छह बजे तक की रिमांड ली जाए। कोर्ट ने आदेश दिया था कि पुलिस उन्हें ले जाए और अपनी कार्रवाई करे। शाम छह बजे तक मेडिकल कराकर वापस जेल में दाखिल कराएं। इससे पहले उनके वकील मनीष यादव ने रिमांड न देने की कोर्ट से बात कही थी। लेकिन एडीजीसी राजेंद्र रावत ने मामले में बकाया धनराशि वसूलने के लिए रिमांड पर लेना जरूरी तर्क दिया था। बाद में जिसे कोर्ट ने मान लिया और मात्र आठ घंटे की रिमांड दी है। इस दौरान पूर्व विधायक के अधिवक्ता साथ रह सकते हैं। इसी के बाद मोठ थाने की पुलिस सोमवार को सुबह 10 बजे झांसी जेल पहुंची और भारी सुरक्षा बल के साथ पूर्व विधायक को जेल से लेकर मोठ थाने लाई। फिलहाल विधायक को मोठ थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। यहां से उन्हें घटनास्थल पर भी ले जाया जाएगा। बता दें कि मोठ थाना क्षेत्र के बुढावाली में लूट और रंगदारी की घटना में पूर्व विधायक नामजद हैं। कोतवाली मोंठ थाना पुलिस ने विशेष अदालत में दीपनारायण सिंह यादव को रिमांड पर लेने के लिए अर्जी दी थी। ताकि डकैती-रंगदारी मामले में पूछताछ की जा सके। बकाए धनराशि की बरामदगी हो सके। सूत्रों की मानें तो इसके लिए पुलिस उन्हें उनके गांव बुढ़वली लेकर आना चाहती है। पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड की अर्जी लगाई थी।