लखनऊ के तेलीबाग स्थित बलदेव विहार कॉलोनी में एक पूर्व सैन्यकर्मी ने रविवार सुबह अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बद्री दत्त पांडेय के रूप में हुई है। घटना की जानकारी तब हुई जब उनकी पत्नी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सुबह करीब 7 बजे बद्री दत्त पांडेय की पत्नी मोहिनी देवी ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने अपने बेटे को इसकी जानकारी दी। इसके बाद खिड़की का शीशा तोड़ा गया, जहां बद्री दत्त पांडेय का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तुरंत शव को फंदे से उतारा और उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना पीजीआई कोतवाली पुलिस को दी गई। बद्री दत्त पांडेय अपनी पत्नी मोहिनी और दो बेटों, प्रकाश दत्त पांडेय और प्रदीप पांडेय के साथ बलदेव विहार कॉलोनी के मकान नंबर 591/534 में रहते थे। वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे और कुछ समय तक कॉरपोरेशन बैंक में सुरक्षाकर्मी के तौर पर भी काम कर चुके थे। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज दिनकर वर्मा और हवलदार सुमित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, बद्री दत्त पांडेय की आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।