पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर स्वस्थ:इलाज के बाद लखनऊ से देवरिया जिला कारागार लाया गया

देवरिया जिला कारागार में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर इलाज के बाद स्वस्थ होकर वापस लौट आए हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और फिर पीजीआई लखनऊ रेफर किया गया था। पीजीआई लखनऊ में उपचार के बाद शुक्रवार को चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया, जिसके बाद उन्हें पुनः देवरिया जिला कारागार भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी की रात अमिताभ ठाकुर को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक जांच के बाद हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गोरखपुर में चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को गंभीर मानते हुए उन्हें लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) भेजा। एसजीपीजीआई में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई। चिकित्सीय परीक्षण में सुधार पाए जाने के बाद शुक्रवार को एसजीपीजीआई प्रशासन ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। इसके बाद देवरिया पुलिस उन्हें लखनऊ से सुरक्षा के बीच वाहन द्वारा देवरिया लेकर पहुंची और देर शाम जिला कारागार प्रशासन को सौंप दिया। गौरतलब है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर बीते 10 दिसंबर से देवरिया जिला कारागार में बंद हैं। वह इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ी जमीन के एक पुराने धोखाधड़ी मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। 6 जनवरी मंगलवार को ही सीजेएम न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। बताया जा रहा है कि जमानत खारिज होने के बाद वह मानसिक तनाव में थे, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।