पेड़ की डाल गिरा, नीचे दबने से युवक की मौत:ललितपुर में ठेकेदार करा रहा था पेड़ की कटाई

ललितपुर के थाना वार अंतर्गत ग्राम बम्हौरी शहना में मंगलवार दोपहर एक युवक की पेड़ की डाल गिरने से मौत हो गई। पुलिस प्रक्रिया में देरी के कारण युवक का पोस्टमॉर्टम 24 घंटे बाद बुधवार शाम को हो सका। जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया। ग्राम बम्हौरी शहना निवासी सतीश कुमार (32) मंगलवार को ग्रामीणों के साथ एक पेड़ के पास खड़े थे। इसी दौरान एक ठेकेदार द्वारा पेड़ की कटाई की जा रही थी कि अचानक एक भारी डाल नीचे गिरी और सतीश उसके नीचे दब गए। गंभीर रूप से घायल सतीश को ग्रामीणों और ठेकेदार द्वारा तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, सतीश अपने दो भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।