हरियाणा के यमुनानगर में एक महिला ने बुखार मापने वाले थर्मामीटर को तोड़कर उसके अंदर मौजूद मरकरी (पारा) पी लिया। गंभीर हालत में उसे यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि टाइल फैक्ट्री चलाने वाले मुस्लिम युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाया, सहारनपुर के देवबंद ले जाकर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया और उससे निकाह कर लिया। महिला के अनुसार, इसके बाद दोनों यमुनानगर में किराए के मकान में रहने लगे। यहां युवक ने देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़कर टॉयलेट में बहा दीं। जब महिला ने इस प्रताड़ना का विरोध किया, तो उसे सिर कटी लाश का वीडियो दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। युवक का भाई भी उसे लगातार परेशान करता था और दोनों उसके साथ मारपीट करते थे। बाद में उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। सिटी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति और उसके भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 196(1), 351(2) व 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए महिला ने क्या बताया…. 2020 में फुरकान से जान-पहचान हुई
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की रहने वाली रेखा ने बताया कि वह यमुनानगर में सेक्टर 17 में रहती थी। पति से तलाक होने के बाद वहीं पर किसी के ऑफिस में काम करती थी। अराइयां गांव के फुरकान का वहां पर आना-जाना लगा रहता था। 2020 में फुरकान ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। बातचीत बढ़ी और दोनों का फोन नंबर एक्सचेंज हुआ। इसके बाद से दोनों रिलेशन में आ गए। देवबंद में धर्म परिवर्तन के बाद निकाह
रेखा ने बताया कि कुछ समय बाद वह उसे सहारनपुर के देवबंद ले गया, जहां उस पर दबाव बनाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया। देवबंद में उससे जबरन कलमा पढ़वाया गया, उसका नाम बदलकर रेखा से रुबीना रख दिया गया और वहीं उसका निकाह कर दिया गया। इसके बाद उस पर बुर्का पहनने का दबाव बनाया। उसके दस्तावेजों में भी नाम बदलवा दिया। फुरकान की टाइल बनाने की फैक्ट्री
रेखा ने आगे बताया कि निकाह के बाद दोनों यमुनानगर की प्रेम नगर कॉलोनी में एक मकान में किराए पर रहने लगे। जब भी वह फुरकान से उसे उसके घर या गांव ले जाने की बात करती, तो वह हर बार टालमटोल करता रहा। फुरकान की साढौरा क्षेत्र में सड़क पर बिछाने वाली टाइल बनाने की फैक्ट्री है। कुछ समय में फुरकान का व्यवहार और अधिक क्रूर होता चला गया। वह उसे लगातार डराता-धमकाता, मारपीट करता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। सिर कटी लाश का वीडियो दिखाकर धमकी
रेखा ने बताया कि एक दिन फुरकान ने उसे एक वायरल वीडियोदिखाया। जिसमें गंगोह क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक द्वारा हिंदू लड़की की सिर कटी लाश दिखाई गई थी। फुरकान ने उसे धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया या किसी को बताया तो उसका भी यही अंजाम होगा। फुरकान ने हिंदू धर्म को लेकर अपशब्द कहे, देवी-देवताओं की मूर्तियां व फोटो जलाकर उनकी राख टॉयलेट में बहा दी। 12 जनवरी को गायब हुआ, फिर घर गया
रेखा ने बताया कि 12 जनवरी के बाद फुरकान अचानक घर से गायब हो गया। उसके परिजनों और भाई कुर्बान ने उस पर ही फुरकान को गायब करवाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद फुरकान अपने परिवार के पास लौट आया, लेकिन उसके पास नहीं आया। फुरकान का भाई कुर्बान भी उसे प्रताड़ित करने लगा। परेशान होकर 22 जनवरी को उसने थर्मामीटर तोड़कर उसमें मौजूद पारा पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।