प्रकाश पर्व पर संकीर्तन यात्रा निकली:फतेहगढ़ से फर्रुखाबाद पहुंची, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह किया स्वागत

फर्रुखाबाद में गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, लोहाई रोड द्वारा एक विशाल संकीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा पंच प्यारों की अगुवाई में शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा में सिख एलआई रेजिमेंट के जवान अपने बैंड दल के साथ चल रहे थे। उनकी धुनों पर गुरु नानक देव जी के कीर्तन और भजन गूंजते रहे, जिससे नगर का वातावरण ‘सतनाम-वाहेगुरु’ के जयकारों से भक्तिमय हो गया। इस दौरान महिलाएं और युवतियां गुरु का गुणगान करते हुए मार्ग की सफाई कर रही थीं। यात्रा के दौरान सिख युवाओं ने पारंपरिक हथियारों से हैरतअंगेज करतब दिखाए। इन प्रदर्शनों को देखने के लिए राहगीरों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे शोभायात्रा का आकर्षण और बढ़ गया। यह शोभायात्रा गुरुद्वारा कर्नलगंज, फतेहगढ़ से शुरू हुई और आईसीआईसीआई बैंक, गड़ी खाना, पूर्व एलआईसी ऑफिस, कोतवाली फतेहगढ़, मिरदौली चौराहा, कुतुबुद्दीन दयार, नालंदा हॉस्पिटल, चौरा बाई, नेहरू रोड और चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए लोहाई रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब पर संपन्न हुई। शहर के विभिन्न स्थानों पर संगत और सामाजिक संगठनों ने पुष्प-वर्षा तथा जलपान कराकर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। गुरुद्वारा परिसर में पहुंचने के बाद शब्द-कीर्तन और अरदास संपन्न हुई, जिसके उपरांत गुरु का लंगर वितरित किया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने नगर कीर्तन में शामिल सभी संगतों, समाजसेवी संस्थाओं और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के अनुरूप सद्भाव, भाईचारे और सेवा का संदेश भी दिया। यह यात्रा देर शाम फर्रुखाबाद के गुरुद्वारे पर समाप्त हुई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर तोषित प्रीत और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यात्रा में सिख समाज के साथ-साथ सभी वर्गों के लोग हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव से शामिल हुए, जिससे नगर में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना का अद्भुत संदेश प्रसारित हुआ। शोभायात्रा में प्रधान हरजिंदर सिंह, प्रधान सरदार सूर्यप्रताप सिंह, सरदार तोषित प्रीत सिंह, स० चरन प्रीत सिंह सहित अनेक गणमान्य जन प्रमुखता से उपस्थित रहे। देखें तीन फोटो…