प्रतापगढ़ में नहर में मिला अज्ञात महिला का शव:पहचान का प्रयास जारी, पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच

कुंडा कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया बुजुर्ग स्थित शाहजमालपुर नहर पुल के पास शारदा सहायक नहर की इलाहाबाद जलशाखा में शुक्रवार शाम एक अज्ञात महिला का शव मिला। शव उतराया मिलने से स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कुंडा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नहर से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिनों से पानी में था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के गांवों में भी महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कोतवाल मनोज पांडेय ने बताया कि शारदा सहायक नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, जिसमें यह संभावना भी शामिल है कि शव कहीं और से बहकर नहर में आया हो।