प्रयागराज में घर में लगी भीषण आग:झुलसने से पिता की मौत, मां-बेटी की हालत गंभीर; घर का सारा सामान जला

प्रयागराज में बुधवार सुबह चार बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में घर का बड़ा हिस्सा लपटों में घिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू शुरू किया। जिस समय हादसा हुआ, उस समय घर में 15 लोग थे। जिस हिस्से में आग लगी, उसमें रहने वाले परिवार में पिता, मां और बेटी बुरी तरह झुलस गए। तीनों को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। वहीं मां-बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। पूरा मकान धू-धूकर जला नगर निगम के सफाईकर्मी रह चुके स्वर्गीय पन्नालाल का राजापुर में गंगानगर की गली नंबर 2 में एक दो मंजिला मकान है। इस मकान में पत्नी शकुंतला देवी और उनके चार बेटे आनंद, विजय, अजय व अनूप अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। सभी भाइयों का परिवार अपने-अपने कमरे में सो रहा था। इसी बीच बुधवार की सुबह चार बजे के करीब भूतल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। थोड़ी देर में ही पूरा मकान धू-धूकर जलने लगा। गली से गुजर रहे दो छात्रों की नजर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाया। तब आसपास के लोग अपने-अपने घरों से निकलकर बाहर आ गए। मकान के कमरों के अंदर तक धुआं फैल जाने से चार भाइयों का 15 सदस्यीय परिवार फंस गया था। लोगों ने भूतल में किचन की खिड़की तोड़ कर और पड़ोसी के बाजरे से किसी तरह सभी लोगों को बाहर निकला गया। दम घुटने से झुलसे घायल अजय (35), उनकी पत्नी वंदना और बेटी श्रेया और छोटे भाई अनूप के चार माह की बेटी अयान को अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने सभी को किसी तरह बाहर निकाला और तुरंत स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अजय आनंद की मौत हो गई। उनकी बेटी श्रेया और पत्नी वंदना की हालत गंभीर बनी है। घटना कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर स्थित गंगानगर की गली नंबर-12 की है। जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। इधर, आग लगने से मकान में गृहस्थी का सारा सामान, दो बाइक व दो स्कूटी समेत सबकुछ जलकर राख हो गया। छोटी गली होने की वजह से समय से फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच सकी थी। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। मृतक अजय के बड़े भाई विजय आनंद ने बताया- कल रात हम रात 12 बजे शादी से लौटे थे। उसके बाद हम लोग सब सो गए थे। सुबह 4 बजे शोर मचने लगा। उठकर देखा तो चारों तरफ धुआं-धुआं उठा रहा था। हमने तुरंत बाहर निकलने की कोशिश की। तो जब नीचे देखा तो पूरी आग की लपटें नीचे से आ रही थीं। हम लोग थर्ड फ्लोर पर थे। मेरे छोटे भाई अजय का परिवार सेकेंड फ्लोर पर था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि नीचे कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा था। इसी वजह से दम घुटने और आग में झुलसने से उनकी मौत हो गई।
आग की वजह शॉर्ट सर्किट घर में खड़े ई-रिक्शा के चार्जिंग में लगे होने की वजह से शॉर्ट सर्किट की आशंका बताई जा रही है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक सारा सामान जल चुका था। DCP सिटी मनीष सांडिल्य ने बताया- आज राजापुर में एक मकान में आग लगने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तीन लोग झुलसे हुए थे। जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान अजय आनंद उर्फ रितिक की मौत हो गई है, जबकि उनकी पत्नी और 7 वर्षीय बेटी का इलाज जारी है। अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पा लिया है। मृतक के शव को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम हेतु मॉर्चरी भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।”