प्रयागराज में चाइनीज छात्र को उठा ले गए दबंग, VIDEO:चलती कार में 2 घंटे पीटते रहे; बेहोश होने पर फेंका

प्रयागराज में कार सवार दबंगों ने एक पॉलिटेक्निक चीनी छात्र का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। उसे बिना नंबर प्लेट लगी कार में जबरन बैठाकर करीब 19 किमी तक घुमाया गया। करीब दो घंटे तक कार के अंदर ही बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान वह कई बार बेहोश हो गया। इसके बाद गंभीर हालत में छात्र को बैंक ऑफ बड़ौदा के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत की तो जान से मार देंगे।पीड़ित छात्र के भाई ने मामले की शिकायत करेली थाने में की है। मामले में तीन युवकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस FIR दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है। मामला थाना करेली का है। अब जानिए पूरा मामला
पीड़ित छात्र शाऊ पिंग छाऊ करेली का रहने वाला है। उसके भाई जियांग पिंग छाऊ ने बताया- मेरा परिवार मूल रूप से चीन का रहने वाला है। मेरे पिता का निधन हो चुका है। मेरे भाई शाऊ पिंग पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा कोर्स कर रहा है। वह सोमवार की शाम किसी काम से घर से निकला था।
नीले रंग की कार से आए हमलावर
शाम करीब 5:10 मिनट पर वह जीटीबी नगर स्थित पुरानी पानी की टंकी के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक नीले रंग की एक स्विफ्ट डिजायर कार आकर रुकी। वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही कार में सवार लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। तमंचा, पिस्टल की बट और डंडों से किया हमला
भाई ने बताया- कार में सवार पांच लोगों ने भीतर खींचते ही उसके भाई को बंधक बना लिया और फिर बेरहमी से पीटने लगे। उसके सिर, हाथ और पूरे शरीर पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। पिस्टल और तमंचे की बट से भी पिटाई की। एक हमलावर ने पिस्टल से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। वहीं दो अन्य ने उसे दांतों से काटकर भी चोट पहुंचाई। करेली से उमरी गांव तक घुमाया
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे करेली से पूरामुफ्ती के उमरी गांव तक 19 किमी तक कार में घुमाया और लगातार पीटते रहे। हमलावर बार-बार जान से मारने की धमकी देते रहे। कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उसे और उसके दोस्तों को भी मार दिया जाएगा। पिटाई के कारण वह कई बार बेहोश हो गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के पास फेंककर हुए फरार
करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर घुमाते रहने के बाद हमलावर उसे बैंक ऑफ बड़ौदा के पास छोड़कर फरार हो गए। होश में आने के बाद पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के भाई का कहना है कि उसकी हालत गंभीर है और उसे जान का खतरा बना हुआ है। एक दिन पहले हुआ था मामूली विवाद
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले यानी 8 फरवरी को पानी की टंकी चौराहे के पास रास्ते में साइड देने को लेकर हल्की नोकझोंक हुई थी। उसी रंजिश में हमलावरों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसीपी करेली राजकुमार मीना ने बताया- सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक का नाम उमर हैं। ये करेली, पूरामुफ्ती और धूमनगंज के रहने वाले हैं। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। ———————– ये खबर भी पढ़ें… दरोगा की डूबकर मौत तो फेफड़े में पानी क्यों नहीं:बस्ती में बाइक कुआनो नदी किनारे मिली, शव 75 km दूर सरयू में बस्ती में तैनात SSI अजय गोंड की मौत का राज गहराता जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और बाइक की लोकेशन से 75 किलोमीटर दूर अयोध्या बार्डर पर शव मिलने की वजह से पुलिस उलझ गई है। शव मिले तीन दिन हो गए लेकिन पुलिस अभी तक जांच की दिशा तय नहीं कर पा रही है कि ये मर्डर है या सुसाइड। पूरी खबर पढ़ें