प्रयागराज में ट्रैक्टर दुर्घटना में फल व्यापारी की मौत:अनियंत्रित हो कर सब्जी मंडी में घुसा, कई लोग घायल

प्रयागराज के करछना क्षेत्र स्थित भडेवरा बाजार में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर सब्जी मंडी में घुस गया, जिससे एक फल व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई, जब मंडी में बड़ी संख्या में दुकानदार और खरीदार मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। उसने सड़क किनारे फलों और सब्जियों की कई दुकानों को कुचलते हुए एक खंभे में टक्कर मार दी। इस हादसे में भडेवरा बाजार निवासी 25 वर्षीय फल व्यापारी बृजेश सोनकर (सरदार) पुत्र राजेश सोनकर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। टक्कर के बाद वह मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।