प्रयागराज में पीडीए ने 6 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की:झूंसी में यादव गैंग की अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने झूंसी क्षेत्र में गुरुवार, 20 नवंबर को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान में दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 6 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कर दिया गया। कार्रवाई जोन-05, उपजोन-5सी एवं 5सी में जोनल अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुई। पहली कार्रवाई सुरसा सम्राट महमूदाबाद भजनानन्द आश्रम के पास हुई। यहां लगभग 3 बीघा भूमि पर अरुणेंद्र उर्फ डब्बू यादव, अजय यादव और अन्य द्वारा अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। पीडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग ध्वस्त की और भूमि को कब्जामुक्त कराया। अधिकारियों के अनुसार, यह क्षेत्र संवेदनशील और धार्मिक स्थल के पास होने के कारण लगातार शिकायतें मिल रही थीं। दूसरी कार्रवाई भी इसी इलाके में हुई, जहां 3 बीघा भूमि पर बब्बू यादव, सनी यादव और अन्य लोगों द्वारा अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। पीडीए की टीम ने इसे भी ध्वस्त कर भूमि कब्जामुक्त कराई।
इस अभियान में जोनल अधिकारी, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, पीडीए प्रवर्तन टीम और थाना झूंसी की पुलिस टीम मौजूद रही। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
पीडीए ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा और समाचार पत्रों से अपील की है कि इस कार्रवाई की जानकारी आम जनता तक निःशुल्क पहुंचाई जाए।