प्रयागराज में मीशो कंपनी के नामपर ऑनलाइन रुपए उड़ाए:तीन लोगों से ठगे लाखों रुपए, डॉक्टर और छात्र हुए ठगी का शिकार

प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मुंडेरा के डॉ. अरविंद गुप्ता से एक साइबर अपराधी ने फोन पर धोखाधड़ी करके 69 हजार रुपये उड़ा लिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने मीशो कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की थी। जिसके बाद किसी व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और उनका फोन हैक कर लिया। कुछ देर बाद अकाउंट से पैसे निकल जाने का मैसेज आया तब उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की और धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसी तरह कटरा के रहने वाले छात्र अशोक कुमार से भी ऑनलाइन ठगी की कोशिश हुई। ठगों ने उनसे ओटीपी मांगा लेकिन उन्होंने देने से मना कर दिया। इससे उनका पैसा सुरक्षित बच गया। फाफामऊ में भी साइबर अपराधियों ने कविता कुमारी नाम की महिला से 9 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। परेशान होकर उन्होंने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं एक और मामला करेली इलाके का है जहां किसी ने एक युवक के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अशोभनीय टिप्पणियां कीं। शख्स का कहना है कि किसी ने उनके नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाया। इससे उसकी समाज में बदनामी हुई। पीड़ित ने करेली थाने में शिकायत की है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।