प्रयागराज में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ राष्ट्रीय स्क्वॉश टूर्नामेंट:21 राज्यों के 219 खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा

प्रयागराज में चार दिन तक चले उच्च स्तरीय स्क्वॉश मुकाबलों के बीच यदुपति सिंघानिया मेमोरियल स्क्वॉश ओपन 2025 का पहला संस्करण गुरुवार को समाप्त हुआ। यह टूर्नामेंट अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया। इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में कुल 219 एंट्रियां हुईं। जिसमें देश के 21 राज्यों के युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह टूर्नामेंट स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया की स्मृति को समर्पित था। जिन्होंने खेलों और युवा विकास के क्षेत्र में योगदान दिया। UPSRA के अध्यक्ष माधव कृष्ण सिंघानिया ने कहा कि 21 राज्यों से आई भागीदारी और खिलाड़ियों का जोश यह दर्शाता है कि भारत में स्क्वॉश उज्ज्वल भविष्य की ओर है। यह आयोजन यदुपति सिंघानिया जी की क्रीड़ा प्रेम और समर्पण को उचित श्रद्धांजलि है। एसोसिएशन के सचिव विनय पांडे बोले पहले संस्करण को मिली प्रतिक्रिया UPSRA के लिए उत्साह को बढ़ाने वाला है। साथ ही UPSRA जल्द कानपुर में अपने ग्लास-बैक कोर्ट बनाने जा रहा है। जिसकी भूमि चयन एवं पूजन हो चुका है। जो एक ऐतिहासिक कदम होगा। संघ के उपाध्यक्ष उल्लास वाही ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि यह उनके माता-पिता की स्मृति में दिया जा रहा है। उन्होंने निर्णायकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल विभाग के अधिकारियों का भी आभार जताया। इस अवसर पर यदुपति सिंघानिया खेल रत्न पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इस वर्ष यह पुरस्कार न्यायमूर्ति डी. पी. सिंह (सेवानिवृत्त) को उनके स्क्वॉश विकास में विशिष्ट योगदान के लिए दिया गया। फाइनल गेम में पुरूष वर्ग में आर्यन प्रताप सिंह (उत्तर प्रदेश) और महिला वर्ग में खुशी पुराणिक (दिल्ली) विजेता बनीं। वहीं अंडर-11 बॉयज में विराज वाधवानी (महाराष्ट्र) अंडर-11 गर्ल्स में समीक्षा सुगुमार (कर्नाटक), अंडर-13 बॉयज में आदित्य शाह (महाराष्ट्र), अंडर-13 गर्ल्स में स्वरा त्रेहन (चंडीगढ़), अंडर-15 बॉयज में यूसुफ पारडीवाला (महाराष्ट्र), अंडर-15 गर्ल्स में गौरी जायसवाल (राजस्थान), अंडर-17 बॉयज में सविर सूद (चंडीगढ़), अंडर-17 गर्ल्स में ऐश्नी पाठक (मध्य प्रदेश), अंडर-19 बॉयज में राघव वसिष्ठ (दिल्ली) विजेता बनें। इस आयोजन में वाराणसी स्क्वैश संघ के सचिव तनय आनंद, आर एस बेदी, आशीष कुमार, अमित गुप्ता मौजूद रहे।