लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज कस्बे में रविवार दोपहर एक मकान में चल रही ईसाई समाज की प्रार्थना सभा के दौरान हंगामा हुआ। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना मढिया घाट रोड स्थित एक मकान में हुई, जहां 200 से अधिक लोग प्रार्थना सभा में मौजूद थे। कार्यक्रम की सूचना मिलने पर विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े युवक वहां पहुंचे और सभा में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर मैगलगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रार्थना सभा के आयोजक सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की गई। सीओ मितौली यदुवेन्द्र यादव ने बताया कि धर्म परिवर्तन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सभी को थाने लाकर जांच पड़ताल की गई और मौके पर पाई गई चीजों वस्तुओं के आधार पर आरोप सही पाए जाने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है