प्रेमिका की शादी से 2 दिन पहले दी जान:बाराबंकी के युवक ने दिल्ली में फांसी लगाई, 7 मिनट के वीडियो में बताया दर्द

बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र से संबंधित एक घटना सामने आई है। यहां सराय राजघाट के मोहल्ला पट्टी निवासी 24 वर्षीय रामनरेश रावत ने दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उसकी प्रेमिका की शादी से ठीक दो दिन पहले हुई। आत्महत्या से पहले युवक ने लगभग 7 मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उसने अपने 8 साल के प्रेम प्रसंग और कुछ आरोपों का जिक्र किया। वायरल वीडियो में रामनरेश ने बताया कि उसका गांव की एक युवती से पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। युवक का आरोप है कि युवती ने उसे अपनी मां की कसम खिलाकर साथ रहने का वादा किया था, लेकिन अब उसके परिजन उसका विवाह कहीं और कर रहे हैं। वीडियो में युवक ने अपनी मौत के लिए प्रेमिका की मां और उसके फूफा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। उसने मीडिया और अधिकारियों से अपने माता-पिता को न्याय दिलाने की अपील की। जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी को युवती के परिजनों ने सुबेहा थाने में रामनरेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि रामनरेश उनकी बेटी को बदनाम कर रहा है। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए युवक और उसके परिवार को थाने बुलाया था। रामनरेश थाने जाने के बजाय दिल्ली चला गया, जबकि उसके माता-पिता और भाई थाने पहुंचे थे। दिल्ली पहुंचने के बाद भी रामनरेश अपनी प्रेमिका की शादी की खबर से परेशान था। आखिरकार उसने आत्महत्या का रास्ता चुन लिया। मंगलवार को जब दिल्ली से रामनरेश की मौत की सूचना सुबेहा पहुंची, तो उसके घर में दुख का माहौल छा गया। बेटे की मौत की खबर पाकर परिजन शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं।