प्रेम-प्रसंग में युवक ने गोली मारकर किया सुसाइड:गाजियाबाद से नाबालिग प्रेमिका से मिलने आया था, सरसों के खेत में मिला शव

प्रतापगढ़ में नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक मंगलवार को गाजियाबाद से प्रेमिका के घर पहुंचा था। वह किशोरी से मिलने की जिद करने लगा और उसे अपने साथ गाजियाबाद ले जाने की बात कही। घर वालों ने इसका विरोध किया और मिलने से मना कर दिया। मना किए जाने के बाद युवक लगातार धमकी देने लगा कि अगर मुलाकात नहीं हुई तो वह खुद को गोली मार लेगा। वह पूरी रात प्रेमिका के घर के आसपास घूमता रहा। अगले दिन घर से करीब 100 मीटर दूर सरसों के खेत में उसका खून से सना शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के सिर में गोली लगी थी, जिससे सिर का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा और एक चाकू भी बरामद किया। यह मामला लीलापुर थाना क्षेत्र के ताला सरिस्ताबाद गांव का है। अब जानिए पूरा मामला शव के पास मिले बैग और दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान गाजियाबाद के विजयनगर निवासी मनीष जाटव(24) के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की मां गाजियाबाद में रहकर नौकरी करती थी और उसकी नाबालिग बेटी भी उसके साथ रहती थी। इसी दौरान मनीष का किशोरी से एकतरफा प्रेम हो गया। जब इस बात की जानकारी किशोरी की मां को हुई तो वह करीब 10 दिन पहले अपनी बेटी को लेकर प्रतापगढ़ स्थित अपने गांव ताला सरिस्ताबाद आकर रहने लगी। मृतक मंगलवार को ही गांव आया था और बुधवार को भी उसे खेत व बस्ती की ओर देखा गया था। वह एक किशोरी से एकतरफा प्रेम करता था और उससे मिलने के लिए प्रतापगढ़ पहुंचा था। किशोरी के परिजनों द्वारा मिलने से इनकार किए जाने पर वह लगातार अपने परिवार वालों से फोन पर बात करते हुए आत्महत्या की धमकी दे रहा था। तमंचा दिखाकर वीडियो भेजा
पुलिस के अनुसार मनीष की किशोरी से पहले बातचीत होती थी। बाद में किशोरी अपने घर आ गई थी। मंगलवार को प्रतापगढ़ पहुंचकर मनीष ने उसकी तलाश शुरू की और कथित तौर पर किशोरी की मां को हाथ में तमंचा दिखाते हुए वीडियो भेजा। उसने धमकी दी थी कि यदि मुलाकात नहीं हुई तो वह अपनी जान दे देगा। पुलिस को कई ऑडियो और बातचीत से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी सरसों के खेत में खून से सना शव देख ग्रामीण सहम गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा, लीलापुर थाना प्रभारी मनोज पांडेय, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जो प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक बीते दो दिनों से आसपास के गांवों में नजर आ रहा था। महिला ने फोन कर दी थी जानकारी एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे एक महिला का फोन आया था। महिला ने बताया कि मंगलवार को वह अपने मायके में थी, इसी दौरान एक युवक उसके घर आकर आत्महत्या की धमकी दे रहा था। बुधवार सुबह जब वह घर लौटी तो देखा कि युवक का शव सरसों के खेत में पड़ा है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि महिला गाजियाबाद में रहती है और उसके बच्चे भी वहीं रहते हैं। वह 10 दिन पहले परिवार के साथ गांव आई थी। युवक भी गाजियाबाद का ही रहने वाला था और नाबालिग लड़की से प्रेम करता था। लड़की को साथ ले जाने से मना करने पर वह आत्महत्या की धमकी दे रहा था। …………….. ये खबर भी पढ़ें… मेडिकल कॉलेज कर्मचारी ने खुद को गोली मारी:प्रतापगढ़ में घर में कनपटी पर फायर किया, मां ने डांटा था प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज के ICU वार्ड में तैनात एक संविदा स्टाफ नर्स ने अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो शव फर्श पर पड़ा हुआ था। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है- मृतक शाम में रोजमर्रा की तरह ड्यूटी से लौटा था। रात में खाने के बाद मां से झगड़ा हुआ था। नशे की लत को लेकर मां ने उसे डांट लगाई थी।पढ़ें पूरी खबर…