फर्रुखाबाद पोस्टमार्टम हाउस में कुत्ते ने नोचा शव:पुराने भवन में रखा था, परिजनों ने खिड़की से देखकर भगाया

फर्रुखाबाद में फतेहगढ़ स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पुराने भवन में रखे युवक के शव को शुक्रवार को कुत्ता नोचने लगा। परिजनों ने देखा तो हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत कुत्ते को भगाया और अधिकारियों को सूचना दी। मामले की जानकारी पर सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार मौके पर पहुंचे और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शमशाबाद थाना क्षेत्र के झाड़ियों में गुरुवार को एक युवक का शव मिला था। शव करीब एक सप्ताह पुराना था और दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। बाद में शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया था, जहां कर्मचारियों ने उसे पुराने भवन में रखवा दिया। शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए मृतक के परिजनों को जानकारी मिली। वे पहुंचे और पेंट व बेल्ट देखकर शव की पहचान की। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक कुत्ता पुराने भवन में घुस गया है और शव को नोच रहा है। परिजनों ने खिड़की से कुत्ते को भगाया और हंगामा कर दिया। जानकारी पर सीएमओ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। परिजनों ने जताई नाराजगी मृतक के चचेरे भाई जहांगीर ने बताया कि उनका भाई दिल्ली में काम करता था और कई दिनों से लापता था। गुरुवार शाम पता चला कि झाड़ियों में एक अज्ञात शव मिला है। उन्होंने बताया, “पेंट और बेल्ट से हमने पहचान की। शव पुराने भवन में रखा था, जहां की जाली टूटी हुई है। उसी रास्ते से कुत्ता अंदर पहुंचा और शव को नोचने लगा। यह गंभीर लापरवाही है, इसके जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” नोडल अधिकारी का वेतन रोका, कर्मियों पर कार्रवाई सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोस्टमार्टम हाउस के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया का वेतन रोक दिया है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब न देने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सीएमओ ने उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड को पत्र भेजकर तैनात एक्स-सर्विसमैन सिक्योरिटी गार्ड ओमप्रकाश और वीर प्रताप की सेवाएं समाप्त करने तथा दो नए सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने का अनुरोध किया है। इसके अलावा, आउटसोर्सिंग से तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अमित और चिंटू कुमार को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अवनी परिधि में तैनात राजीव कुमार, रवि कुमार और रंजीत की सेवाएं समाप्त करने को लेकर भी कंपनी को पत्र लिखा गया है। पोस्टमार्टम हाउस की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए सीएमओ ने अब एसीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार यादव को नया नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।