फाइनेंस कंपनी कर्मचारी को ईंट-राॅड से पीटा:प्रयागराज में 10 से 12 हमलावरों ने दिनदहाड़े की घटना, CCTV में कैद हुई तस्वीर

प्रयागराज में फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी को ईंट और राॅड से पीटा गया। 10 से 12 युवकों ने दिनदहाड़े उस पर हमला किया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने 6 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सिविल लाइंस में हाॅटस्टफ चौराहे के पास पीड़ित अमन श्रीवास्तव निवासी कीडगंज की शिकायत के मुताबिक, वह 22 जनवरी की शाम करीब 7 बजे हाॅटस्टफ चौराहे से नाश्ता कर अपने कार्यालय बजाज फाइनेंस जा रहा था। इसी दौरान अचानक 10-12 लोग दौड़ते हुए उसके पास पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। सिर और घुटनों पर ईंट से हमला, बेहोश हो गया आरोप है कि श्रेयांश त्रिपाठी ने ईंट से अमन के दोनों घुटनों पर वार किया, जबकि राज शेखर मिश्रा और अन्य ने सिर पर ईंट से हमला किया। अन्य आरोपियों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से बुरी तरह पीटा, जिससे अमन का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। मरा समझकर छोड़ गए बकौल पीड़ित, हमलावर अमन को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। करीब रात 9:45 बजे अमन को होश आया, तब वह बेली अस्पताल में भर्ती था। पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की तलाश मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि, घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है।