फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर में रविवार शाम इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान थाना उत्तर क्षेत्र के गांव मोड़ा निवासी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुड़िया देवी का जबड़ा चढ़ गया था, जिसके इलाज के लिए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। इससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने थाना उत्तर पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना की सूचना पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामनिवास यादव भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर दोषी डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और सरकारी अस्पतालों में बढ़ती लापरवाही पर चिंता जताई। इस मामले में मृतका के देवर ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।