फेमिना मिस इंडिया का लाइसेंस कैटवॉक एकेडमी को मिला:यूपी की युवतियों को राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा अवसर

लखनऊ के नोवा होटल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश की युवतियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई। देश की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता फेमिना मिस इंडिया ने लखनऊ की कैटवॉक एकेडमी को अगले तीन वर्षों के लिए ‘फेमिना मिस इंडिया उत्तर प्रदेश 2025’ का आधिकारिक लाइसेंस प्रदान किया है। इससे प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता कैटवॉक एकेडमी के प्रमुख अमित सैमसन नानू और फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड निकिता पोरवाल ने की। निकिता पोरवाल वर्ष 2026 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। निकिता पोरवाल ने कहा कि लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान तथा खानपान का स्वाद देशभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने फेमिना मिस इंडिया की फ्रेंचाइजी के लखनऊ में लॉन्च होने को गर्व का विषय बताया। पोरवाल के अनुसार, यह सहयोग राज्य की युवा महिलाओं के सशक्तिकरण और मार्गदर्शन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य स्तरीय ऑडिशन की तारीख की घोषणा की इस अवसर पर अमित सैमसन नानू ने फेमिना मिस इंडिया ऑर्गेनाइजेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैटवॉक एकेडमी इस जिम्मेदारी को निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ निभाएगी। उनका लक्ष्य उत्तर प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय ऑडिशन की तारीख और स्थल की भी घोषणा की गई। ऑडिशन 14 दिसंबर 2025 को लखनऊ के बीबीडी यूनिवर्सिटी में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक प्रतिभागी www.feminamissindiauttarpradesh.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदक उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए आवेदन के लिए कुछ मानदंड निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागी अविवाहित, सिंगल और सगाई-शुदा नहीं होनी चाहिए। उनकी आयु 31 दिसंबर 2025 तक 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम लंबाई 5 फीट 3 इंच निर्धारित की गई है, और प्रतिभागी उत्तर प्रदेश की निवासी होनी चाहिए। फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता ने ऐश्वर्या राय, सुष्मिता सेन, प्रियंका चोपड़ा, लारा दत्ता और मानुषी छिल्लर जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को मंच प्रदान किया है। यह कार्यक्रम अब उत्तर प्रदेश की प्रतिभाशाली युवतियों को भी विश्व मंच पर अपनी पहचान बनाने का अवसर देगा।