बंदर ने घर से 1 लाख रुपए चुराए:छत से बरसाए नोट, शाहबाद में बंदरों के उत्पात से लोग परेशान

शाहबाद के बेदान मोहल्ले में एक बंदर ने एक घर से एक लाख रुपए चुरा लिए और फिर छत से नोटों की बरसात कर दी। इस घटना से स्थानीय लोग हैरान हैं। नोटों की बरसात देखकर नीचे खड़े लोग हैरान रह गए। स्थानीय निवासियों ने गिरे हुए नोटों को इकट्ठा कर संबंधित व्यक्ति को लौटा दिया। कुछ देर बाद, बंदर ने शेष नोटों के साथ पूरा बैग भी वापस कर दिया। यह घटना बीते गुरुवार शाम करीब चार बजे शाहबाद तहसील के बेदान मोहल्ले में हामिद के घर पर हुई। हामिद घर में अकेले रहते हैं, क्योंकि उनका बेटा दिल्ली में है और बेटी की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद हामिद अपने घर में ताला लगाकर बेटी के घर चले गए हैं। मोहल्ले के लोग भी बंदर की इस हरकत से काफी परेशान हैं। यह क्षेत्र में बंदरों द्वारा की गई पहली ऐसी घटना नहीं है। पिछले साल भी शाहबाद तहसील में एक व्यक्ति से मकान की रजिस्ट्री के दौरान बंदर ने नोटों से भरा थैला छीन लिया था। काफी प्रयास के बाद बंदर ने वह बैग नीचे गिराया था। बंदरों की इन हरकतों से स्थानीय लोग हैरान और परेशान हैं। उन्होंने वन विभाग से इन बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।