बजाज फाइनेंस धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार:1.71 करोड़ रुपए की ठगी, स्कॉर्पियो और मोबाइल बरामद

ललितपुर कोतवाली सदर पुलिस ने बजाज फाइनेंस कंपनी लिमिटेड और आम नागरिकों के साथ 1.71 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी दिनेश कुमार उर्फ कार्तिक (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक कॉलोनी निवासी विनोद कुमार का पुत्र है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी के पास से एक स्कॉर्पियो कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कलाई घड़ी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, झांसी स्थित बजाज फाइनेंस लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर रिस्क संदीप सिंह सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि महेंद्र बरार, नवनीत और अन्य लोगों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी को 1,71,01,703 रुपये का नुकसान पहुंचाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में वांछित आरोपी दिनेश कुमार को भी पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी दिनेश कुमार ने बताया कि वह बजाज फाइनेंस की ललितपुर शाखा में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को लोन दिलाने का झांसा दिया। उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसे दस्तावेज लेकर फर्जी बिक्री और अन्य कागजात तैयार किए, जिससे लोन स्वीकृत कराकर बड़ी रकम हड़प ली गई। इस गिरोह में कंपनी के कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने वर्ष 2024 और 2025 में फर्जी ऋण आवेदन और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। आरोपी ने इस धोखाधड़ी के पैसे से स्कॉर्पियो कार खरीदी और ऐशो-आराम पर खर्च किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, निरीक्षक नरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी सत्येंद्र सिंह और महिला कांस्टेबल नीलम शामिल थीं। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।