बड़ौत में दोस्त ने दोस्त को गोली मारी:मामूली विवाद में हुई फायरिंग, घायल युवक हायर सेंटर रेफर

बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक दोस्त ने अपने ही दोस्त पर गोली चला दी। घटना में घायल युवक शिवम को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़ौत कोतवाली क्षेत्र की गली नंबर 8 निवासी शिवम देर शाम अपने दोस्त के साथ बैठा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसी दौरान शिवम के दोस्त ने उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल शिवम को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फायरिंग के बाद आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बड़ौत कोतवाली प्रभारी मनोज चहल ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।