बदायूं में ई-निविदा मामले में चेयरमैन पति गिरफ्तार:ईओ के स्कैन हस्ताक्षर लगाकर कूटरचित पत्र जारी करने का आरोप

बदायूं के अलापुर नगर पंचायत में ई-निविदा की तिथियां प्रभावित करने के आरोप में चेयरमैन के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अधिशासी अधिकारी के स्कैन हस्ताक्षर लगाकर कूटरचित पत्र जारी करने का आरोप है। यह कार्रवाई करीब ढाई महीने बाद की गई है। यह मामला 24 दिसंबर को अधिशासी अधिकारी त्रिवेंद्र कुमार की तहरीर पर दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि नगर पंचायत अलापुर की चेयरमैन हुमा बी, उनके पति फहीमुद्दीन और लिपिक गार्गी गुप्ता ने मिलकर एक कूटरचित पत्र तैयार किया। आधिकारिक दस्तावेज के रूप में जारी आरोप है कि इस पत्र पर ईओ के स्कैन हस्ताक्षर कंप्यूटर के माध्यम से लगाकर उसे आधिकारिक दस्तावेज के रूप में जारी कर दिया गया। इससे 14वें और 15वें वित्त आयोग के तहत आमंत्रित ई-निविदाओं की प्रक्रिया प्रभावित हुई। ईओ त्रिवेंद्र कुमार के अनुसार, मूल पत्र संख्या और तिथि से अलग एक नया पत्र जारी कर निविदा आमंत्रण की तिथियों में बदलाव दर्शाया गया था, जिससे कार्य प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। कर्मचारियों से पूछताछ विवेचना के दौरान अभिलेखों, पत्रावली और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की गई। करीब ढाई महीने की जांच के बाद पुलिस ने फहीमुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार चेयरमैन हुमा बी और लिपिक गार्गी गुप्ता की भूमिका की जांच अभी जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।