बदायूं में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक का शव कार के नीचे फंसकर 8 किलोमीटर तक घिसटता रहा। यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुल इलाके में उस समय उजागर हुआ। जब पीछे चल रहे एक अन्य वाहन चालक ने कार सवार को इस बारे में सूचना दी। जानकारी मिलते ही कार रुकवाई गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कार के नीचे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शहर की मंडी समिति निवासी परवेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार शाम कादरचौक थाना क्षेत्र के असरसी गांव स्थित अपनी खाद-बीज की दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। उस समय बारिश हो रही थी। रास्ते में किसी अज्ञात स्थान पर एक व्यक्ति का शव उनकी कार के नीचे फंस गया। जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। कार शव को घसीटते हुए 8 किलोमीटर दूर लालपुल इलाके तक पहुंच गई। मौके पर शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ। जिस पर मृतक की पहचान घलेंद्र पुत्र चुन्नी लाल, निवासी रायपुर बुजुर्ग, थाना बिल्सी के रूप में दर्ज है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद आधार कार्ड मृतक का ही है या किसी अन्य व्यक्ति का। फिलहाल शव को मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। कार पर नहीं मिले खून के निशान सदर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। जिस कार के नीचे शव फंसा मिला, उस पर कोई स्पष्ट डेंट या खून के निशान नहीं पाए गए, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि दुर्घटना इसी वाहन से हुई थी या नहीं। पुलिस कार चालक परवेंद्र प्रताप सिंह से पूछताछ कर रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही बिल्सी पुलिस को भी सूचना दे दी गई है, ताकि मृतक की सही पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।