बदायूं में ट्रैक्टर-पिकअप में टक्कर, एक गाड़ी में लगी आग:घने कोहरे के बीच हाईवे पर हादसा, चालक फरार

बदायूं में घने कोहरे के कारण मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक ट्रैक्टर मिक्सर मशीन और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस जोरदार भिड़ंत के बाद पिकअप में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि वाहन सवार लोगों ने समय रहते अपनी जान बचा ली और कोई हताहत नहीं हुआ। यह हादसा फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन में तुरंत आग लग गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देखकर पिकअप और ट्रैक्टर दोनों के चालक मौके से फरार हो गए। हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर मिक्सर मशीन और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालकों व वाहन स्वामियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।