बदायूं में एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बेकाबू मोटरसाइकिल सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना कादरचौक थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव के पास हुई। मृतक की पहचान कुंवरगांव थाना क्षेत्र के फरीदपुर चाकुलर गांव निवासी जुगेंद्र (30) पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। जुगेंद्र अपनी बुआ रामप्यारी के घर लाभारी गांव से अपनी ससुराल सालारपुर गांव जा रहा था। निजामपुर गांव के पास पहुंचते ही उसकी मोटरसाइकिल बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जुगेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जुगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल के पेड़ से टकराने के कारण जुगेंद्र की मौत हुई है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और आगे की जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस द्वारा जुगेंद्र के परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद परिवार में मातम छा गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि जुगेंद्र खेती-बाड़ी और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद अब तीन बेटियों और गर्भवती पत्नी कुसुम के भरण-पोषण की चिंता परिवार को सता रही है।