बदायूं में महिला की हत्या-लूट का तीसरा आरोपी गिरफ्तार:25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में पकड़ा गया, पैर में लगी गोली

बदायूं में बर्तन व्यापारी की पत्नी की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश वसीम को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए 22,500 रुपये, तमंचा और अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में व्यापारी के दो भतीजों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र की है, जहां व्यापारी रामौतार की 66 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तीसरे आरोपी वसीम पुत्र निजामुद्दीन, निवासी हथनीभूड़, थाना मूसाझाग को बिनावर के डहरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वसीम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम जब वसीम को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली वसीम के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल वसीम को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से लूटे गए सामान में एक अंगूठी, चार जोड़ी पाजेब, एक हाथ का खड़ुआ, 22,500 रुपये नकद, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना 2 जनवरी की रात दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पापड़ हजापुर में हुई थी। उस रात बर्तन व्यापारी रामौतार की पत्नी मुन्नी देवी घर पर अकेली थीं। उनके सगे भतीजे शिवम गुप्ता और हिमांशु गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की और फिर गला दबाकर मुन्नी देवी की हत्या कर दी थी। मुन्नी देवी की बेटियां मौके पर पहुंचीं। उनकी छोटी बेटी राधा, जो शाहजहांपुर जिले के तिलहर की निवासी है, ने अपने चचेरे भाइयों शिवम गुप्ता, हिमांशु गुप्ता और अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में शिवम और हिमांशु हत्या व लूटपाट में शामिल पाए गए, जबकि अनिल का नाम आरोप से बाहर हो गया। अब वसीम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इस हत्याकांड में कोई अन्य आरोपी भी शामिल था या नहीं।