बबेरू में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत:भदवारी मोड़ पर बाइक सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर घायल

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भदवारी मोड़ के पास सोमवार शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रात करीब 8 बजे हुई। अलीहा, थाना बिसंडा निवासी सुधीर (24 वर्ष, पुत्र शिवनन्दन) और मनोज (26 वर्ष, पुत्र जगत पाल) पतवन गांव से अपनी बहन के यहां से वापस अपने गांव अलीहा लौट रहे थे। भदवारी मोड़ के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुधीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनोज को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।