बरकछा नशा मुक्ति हॉस्टल पर पथराव:दबंगों ने किया हमला, 6 घायल; रंगदारी मांगने का आरोप

मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित बरकछा नशा मुक्ति हॉस्टल पर सोमवार शाम दबंगों ने पथराव किया। इस घटना में हॉस्टल के अंदर मौजूद करीब छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हॉस्टल संचालक आशीष जायसवाल ने गांव के दबंगों पर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि यह पांचवीं बार है जब हॉस्टल पर हमला किया गया है। हर बार पुलिस को सूचना दी जाती है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण दबंगों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और हमले की घटनाएं लगातार हो रही हैं। संचालक के अनुसार, सोमवार शाम दबंगों का एक झुंड हॉस्टल पहुंचा। उन्होंने पहले गाली-गलौज की और उसके बाद अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव से हॉस्टल के अंदर रह रहे लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार कराया गया। हमले के दौरान हॉस्टल परिसर में दहशत का माहौल रहा। हॉस्टल संचालक ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र के सामने एक सरकारी जमीन स्थित है, जिसे दबंग जबरन खरीदवाने का दबाव बना रहे हैं। जब संचालक ने जमीन खरीदने से इनकार किया, तो वे उसकी कीमत के नाम पर रुपयों की मांग करने लगे। आरोप है कि गांव के दबंग किसी न किसी बहाने लगातार पैसे की मांग करते रहते हैं और मना करने पर धमकी व हमले करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर लौट गई। हालांकि, पीड़ित पक्ष का कहना है कि केवल औपचारिक कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने दबंगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। नशा मुक्ति हॉस्टल में रह रहे लोगों और संचालक ने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है, जिससे केंद्र का संचालन भयमुक्त वातावरण में किया जा सके।