बरेली के बहेड़ी में नैनीताल मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक पिता और उसके दो बेटों की मौत हो गई। गुड़वारा गांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान देवरनिया क्षेत्र के इटोआ गांव निवासी 55 वर्षीय पप्पू, उनके 15 वर्षीय बेटे विशाल और 20 वर्षीय बेटे विवेक के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की चाची सरोज ने बताया कि पप्पू अपने दोनों बेटों विशाल और विवेक के साथ सुबह करीब 8 बजे बाइक से मजदूरी करने किच्छा जा रहे थे। गुड़वारा गांव के पास घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उनके परिजनों को सूचित किया। मृतक पप्पू के छह बच्चे थे। इस हादसे में पिता और दो बेटों की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पप्पू की पत्नी शीला का बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह घने कोहरे के कारण ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई। तीनों मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।