होली, रमजान और ईद के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली प्रशासन ने कमर कस ली है। जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने जिले के सभी आला अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने किया, जिन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। होलिका सुरक्षा समितियों का होगा गठन, उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्देश दिए कि हर स्थान पर ‘होलिका सुरक्षा समिति’ बनाई जाए, जिसमें स्थानीय लोग शामिल हों। ये समितियां उन लोगों पर नजर रखेंगी जो समय से पहले होलिका दहन कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने साफ किया कि प्रधानी के इलेक्शन के कारण इस बार की होली अधिक संवेदनशील है, इसलिए ‘ए प्लस’ श्रेणी वाली होलिका स्थलों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रशासनिक अमले की भारी मौजूदगी में बनी रणनीति
इस महत्वपूर्ण बैठक में बरेली का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने सहभागिता की। इनके अलावा पुलिस अधीक्षक नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, साउथ अंशिका वर्मा, क्राइम और यातायात सहित जिले के समस्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी उपस्थित रहे, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने को कहा गया है। गोपनीय सर्वे से चिन्हित हुए अपराधी, अवैध शराब पर रहेगी नजर
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि एक गोपनीय सर्वे के जरिए उन लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन पर 5 या उससे ज्यादा गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने भोजीपुरा और मीरगंज में दुखद घटनाओं का जिक्र करते हुए माता-पिता से बच्चों का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही, एसएसपी ने कहा कि अवैध शराब की जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।