बरेली में दलित युवक को पीटकर मार डाला:परिवार ने हाईवे जाम किया, पिता बोले- बेटा मर रहा था, पुलिस समझौते का दबाव बना रही थी

बरेली में 26 साल के दलित युवक की एक सप्ताह पहले दबंगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बुधवार को उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। नाराज घरवालों और ग्रामीणों ने पोस्टमॉर्टम हाउस के सामने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। कार्रवाई न होने का आरोप लगाकर हंगामा किया। हालांकि, पुलिस के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुल पाया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। मामला बारादरी थाना क्षेत्र का है। पहले 3 तस्वीरें… डोहरा गांव के रहने वाले पप्पू सागर मजदूरी करते हैं। राहुल (26) उनका बेटा था। वह भी मजदूरी करता था। राहुल के परिवार में पत्नी शिवानी और 3 बच्चे हैं। बड़ा बेटा आर्यन (4) और देव (ढाई साल) का है। तीसरे बेटे का जन्म 15 दिन पहले ही हुआ था। पप्पू सागर ने बताया- राहुल का साला बीमार था। 14 जनवरी को साले के इलाज का बिल भरने के लिए वह अस्पताल जा रहा था। उसके पास 30 हजार रुपए थे। वह अपने साथी लालू और सचिन के साथ निकला था। रास्ते में भीमा नाम का युवक मिला। भीमा ने राहुल से पैसे ले रखे थे। राहुल ने अपने साले के इलाज का हवाला देकर 20 हजार रुपए वापस मांगे। रुपए वापस मांगने की बात से भीमा भड़क गया। उसने अपने साथियों लकी लभेड़ा और आकाश ठाकुर के साथ मिलकर राहुल पर हमला बोल दिया। उन लोगों ने कांशीराम पार्क के पास उसे घेर लिया। फिर लाठी-डंडों से तब तक पीटा, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। बेटे को अधमरा कर भागे आरोपी
वारदात के बाद आरोपी राहुल को मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गए। उसके पास मौजूद अस्पताल के बिल के 30 हजार रुपए और मोबाइल फोन भी छीन लिया। गंभीर चोट के चलते राहुल को पहले अभिराम और फिर नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप
राहुल के घरवालों ने पुलिस पर आरोप लगाया। कहा कि जब राहुल अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा था, तब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय उन पर समझौते के लिए दबाव बना रही थी। इसी वजह से लोगों ने हाईवे जाम किया। 15 दिन के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
राहुल की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। सबसे ज्यादा दुखद यह है कि उसका तीसरा बच्चा महज 15 दिन पहले ही पैदा हुआ है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। लोग दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। ————————— यह खबर भी पढ़ें पत्नी ने बेटों संग मिलकर पति का चेहरा कूचा, लखनऊ में गड्ढे में फेंकी लाश लखनऊ में पत्नी ने बेटों संग मिलकर पति का सिर कूचकर हत्या कर दी। उसका शव घर से करीब 1 किमी दूर गड्‌ढे में पड़ा मिला। मंगलवार सुबह लोगों ने शव देखते ही इसकी सूचना पुलिस को दी। यहां पढ़ें पूरी खबर