बरेली में भाजपा विधायक का अंतिम संस्कार:बेटे ने रोते हुए मुखाग्नि दी; डॉक्टर बोले- दवा नहीं खाने से हार्टअटैक आया

बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। रोते हुए बेटे ईशान ने पिता को मुखाग्नि दी। पुलिस के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। विधायक के पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे में लपेटकर मुक्तिधाम ले जाया गया। उनकी अंतिम विदाई में सैकड़ों लोग पहुंचे। सीएम योगी ने भी श्याम बिहारी लाल के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विधायक की पत्नी, दोनों बेटियों और बेटे से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। कहा, ‘घबराने की जरूरत नहीं है, हिम्मत रखिए। पूरी पार्टी दुख की घड़ी में आपके साथ है। पार्टी को बहुत बड़ी क्षति हुई, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती।’ विधायक श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया था। उस वक्त वे बरेली के सर्किट हाउस में मौजूद थे, जहां पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक चल रही थी। अचानक सीने में तेज दर्द उठा। वे सीना पकड़कर बैठ गए। पसीना छूटने लगा। यह देख मीटिंग में अफरा-तफरी मच गई। विधायक को उनके सहयोगियों ने तत्काल 7 किमी दूर मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने विधायक को CPR दिया और वेंटिलेटर पर रखा, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और 3 बजे मौत हो गई। विधायक ने एक जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। 3 तस्वीरें देखिए… मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया-
जब विधायक की तबीयत खराब हुई तो उन्होंने बताया कि आज सुबह की दवा मिस हो गई थी। सबसे पहले उन्हें सर्किट हाउस में डॉ. शिरीष गुप्ता के पास ले जाया गया। डॉ. गुप्ता ने वहां उन्हें दवाइयां दीं। इसके बाद उन्हें मेडिसिटी हॉस्पिटल लाया गया, जहां वे ब्रॉड डेड थे। हमने करीब 50-55 मिनट तक इलाज किया, लेकिन परिवार को पहले ही बता दिया गया था कि उनकी मृत्यु हो चुकी है। डॉ. श्याम बिहारी लाल के अंतिम संस्कार से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…