बरेली में मतदाता सूची का ‘SIR’ शुरू:बीएलओ कर रहे घर-घर सर्वे, 4 दिसंबर तक अभियान चलेगा

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बरेली जिले के सभी 3499 बूथों पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) का काम शुरू हो गया है। बीएलओ यानी बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र बांट रहे हैं और भरवाकर वापस ले रहे हैं। इस अभियान का मकसद है सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और पुरानी त्रुटियों को सुधारना। हर घर तक पहुंचेगा बीएलओ, मिलेगा पावती पत्र
अपर जिलाधिकारी एफआर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 4 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर फॉर्म बाँट रहे हैं। मतदाता फॉर्म भरकर उन्हें लौटाएंगे, जिसके बदले में बीएलओ एक पावती देंगे। इस प्रक्रिया से मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों और गलत नामों को हटाया जा सकेगा। क्यों जरूरी है यह पुनरीक्षण
अक्सर लोग एक जगह से दूसरी जगह पलायन करते हैं, बेटियों का विवाह हो जाने के बाद उनका पता बदल जाता है या कई लोगों की मृत्यु हो जाती है, लेकिन नाम पुराने स्थान की सूची में बने रहते हैं। ऐसे मामलों को दुरुस्त करने के लिए ही यह गहन सर्वे कराया जा रहा है ताकि हर मतदाता का नाम सिर्फ एक जगह दर्ज रहे। डीएम अविनाश सिंह बोले- 22 साल बाद दोबारा गहन पुनरीक्षण
जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि 1951 से अब तक 8 बार गहन पुनरीक्षण हुआ है। पिछली बार यह प्रक्रिया वर्ष 2003 में हुई थी। 22 साल बाद भारत निर्वाचन आयोग ने फिर से इसे कराने का फैसला लिया है। देश के 12 राज्यों में यह अभियान एक साथ चल रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है। डीएम ने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और पारदर्शी हो, इसके लिए सभी राजनीतिक दलों से भी सहयोग मांगा गया है। दलों को बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे बीएलओ की मदद से सही सूचना जुटा सकें। कब तक चलेगा अभियान, क्या रहेगा शेड्यूल किन्हें देने होंगे दस्तावेज, किन्हें नहीं अधिकारियों ने खुद किया अभियान की शुरुआत
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की शुरुआत अपर जिलाधिकारी नगर (ADM सिटी) सौरभ दुबे ने विधानसभा कैंट क्षेत्र के बूथ संख्या 45 से की।
एसडीएम बहेड़ी ने खिजरपुर गांव में, एसडीएम निधि शुक्ला ने भदपुरा की ग्राम पंचायत मर्गापुर में, और एसडीएम फरीदपुर ने अपने क्षेत्र में बीएलओ के साथ फॉर्म वितरण कर अभियान का शुभारंभ किया। राजनीतिक दलों से अपील
डीएम अविनाश सिंह ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथवार बीएलए (Booth Level Agents) की नियुक्ति करें और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर काम करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। सही मतदाता, सही सूची
इस अभियान का बड़ा लक्ष्य है हर पात्र नागरिक का नाम शामिल करना और गलत या दोहराए गए नामों को हटाना। चुनाव आयोग ने साफ किया है कि किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे। इसके लिए जरूरत पड़ने पर मतदेय स्थलों का पुनर्गठन भी किया जाएगा।